अपराधसम्भल

संभल में सांप के काटने पर बच्चे को लगाया कुत्ते के काटने का इंजेक्शन! 4 साल का मासूम ICU में भर्ती

संभल में सांप के काटने पर बच्चे को लगाया कुत्ते के काटने का इंजेक्शन! 4 साल का मासूम ICU में भर्ती

डिजिटल डेस्क , संभल : संभल में 4 साल के बच्चे को सांप ने काट लिया है। परिजनों के मुताबिक, जिला अस्पताल में बच्चे को एंटी वेनम दिया जाना था। आरोप है कि इसके बजाय एंटी रेबीज इंजेक्शन लगा दिया गया है। इंजेक्शन के बाद बच्चे की तबीयत और बिगड़ने की बात सामने आई है। बच्चे को निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।

उत्तर प्रदेश के संभल स्थित जिला अस्पताल से डॉक्टरी पेशे को शर्मसार करने वाला और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सांप के काटने के शिकार एक 4 वर्षीय मासूम बच्चे को इमरजेंसी में जी’एंटी-वेनम’ इंजेक्शन देने के बजाय एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगा दिया गया। इस भयानक लापरवाही के कारण मासूम की हालत बेहद गंभीर हो गई है। जिसके बाद उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। परिवार ने बताया कि सरकारी अस्पताल में कर्मचारियों ने पहले बच्चे को ततैया के काटने की बात कही। परिवार ने सांप के काटने की बात बताई, लेकिन उनके अनुसार इस पर ध्यान नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि बच्चे को कुत्ते के काटने में इस्तेमाल होने वाला एंटी-रेबीज और दर्द का इंजेक्शन लगाया गया है।

परिजनों के मुताबिक

बच्चे को सांप के काटने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां इलाज के बाद परिवार उसे लेकर घर लौट आया। शाम को दवा देने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई और उसे उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे दोबारा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन परिवार के लोग उसे एक निजी अस्पताल ले गए। परिवार के अनुसार, निजी अस्पताल में जांच के दौरान बच्चे के सांप के काटे जाने की पुष्टि हुई है। चार वर्षीय अदीब का फिलहाल निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार का कहना है कि उसकी हालत में अभी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

दीवार के छेद में हाथ डालते ही सांप ने काटा
मूसापुर गांव निवासी अबुल हसन का 4 साल का बेटा अदीब 21 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे घर के आंगन में खेल रहा था। परिजन के मुताबिक, खेलते समय एक कंची दीवार के छेद में चली गई थी। अदीब ने जैसे ही छेद में हाथ डाला उसे सांप ने काट लिया था।