डिजिटल डेस्क, कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तेज बारिश के दौरान शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद कार में सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह समेत पांच लोग फंस गए। कार के अंदर से चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग भी रुक गए।
हादसे के दौरान वहां से सिपाही अमित तेवतिया अपनी पत्नी अर्चना सिंह के साथ गुजर रहे थे। दुर्घटना का मंजर देखकर उन्होंने तत्काल वाहन रोका और राहत-बचाव में जुट गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसके दरवाजे नहीं खुल रहे थे। ऐसे में सिपाही ने बिना समय गंवाए अपनी राइफल की मदद से कार के शीशे तोड़ दिए।
शीशे टूटने के बाद सिपाही ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। उनकी पत्नी अर्चना सिंह भी बचाव कार्य में जुट गईं। उन्होंने एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों से मदद मांगी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से कार में फंसे जिला पंचायत अध्यक्ष समेत पांचों लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और अन्य राहत दल भी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज बारिश के बीच हुए इस हादसे में सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह की तत्परता से कार में फंसे लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सका। मौके पर मौजूद लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
