- चार किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में पहुंचे, दो ने भागकर परिजनों को दी सूचना
- गोताखोरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दूसरे किशोर का शव बरामद किया
सत्यम कटियार, संवाददाता, फर्रुखाबाद: कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के पचपुखरा-कलाखेल गांव के पास बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाते समय दो किशोर डूब गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। साथ नहा रहे दो अन्य किशोरों ने गांव पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कटरा रहमत खां निवासी विनोद का 12 वर्षीय बेटा सूरज अपने भाई 15 वर्षीय चंदू और नन्हे तथा गांव के ही राजपाल के 10 वर्षीय बेटे मोनू के साथ गड्ढे के पास पहुंचा था। बताया गया कि सभी किशोर पानी में नहाने लगे। इसी दौरान सूरज और मोनू गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख साथ मौजूद दो किशोर घबराकर गांव पहुंचे और स्वजन को घटना की जानकारी दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने पानी में उतरकर सूरज को बाहर निकाला। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मोनू की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन ने शमशाबाद से गोताखोर बुलाए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गहरे पानी से उसका शव बरामद किया गया। इसके बाद मोनू को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि गड्ढा करीब 10 फीट गहरा था।
दोस्त थे दोनों किशोर
ग्रामीणों ने बताया कि सूरज और मोनू दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। दोनों साथ ही गड्ढे के पास पहुंचे थे। सूरज चार भाई-बहनों में चौथे नंबर का था और कक्षा आठ में पढ़ता था। वहीं मोनू दो भाइयों में छोटा था और कक्षा पांच का छात्र था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
टीम गठित कर जांच के निर्देश
एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि बच्चों के डूबने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। पानी से भरे गड्ढे की गहराई का अभी स्पष्ट आकलन नहीं हो सका है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।
सीओ कायमगंज अजय वर्मा ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि कटरा रहमत खां से कुछ दूरी पर खेत में पानी भरे गड्ढे में बच्चे नहा रहे थे। दो किशोरों की डूबने से मौत हुई है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शव बरामद किए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
