डिजिटल डेस्क : शाहजहांपुर के खुदागंज के ग्राम सूथा स्थित मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाए जाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
शाहजहांपुर में एक शिव मंदिर में 2 साधुओं की हत्या कर दी गई थी । 1 अक्टूबर की रात ग्राम सूथा स्थित मंदिर में सो रहे बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद दोनों शवों को मंदिर में मौजूद लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी की मदद से जलाने की बात पुलिस को दी गई तहरीर में सामने आई थी। मामले में शिव कुमार सिंह की तहरीर पर खुदागंज थाने में सुमित कुमार सिंह के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार तलाश के बाद दो अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 4 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुमित कुमार सिंह को कठिना नदी पुल से मझिला की ओर करीब 50 कदम की दूरी से गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और ADG बरेली रेंज रमित शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है।
आरोपी दिल्ली भागने की कोशिश में था
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में रहने की इच्छा और पुलिस के पकड़े जाने के डर से घटना के बाद जंगल में छिपने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि आरोपी दिल्ली जाने की कोशिश में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर मंदिर के पास झाड़ियों से करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद की गई है, जिस पर पुलिस के मुताबिक खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 तक कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, आगजनी, हथियार अधिनियम समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। फिलहाल खुदागंज पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी मंदिर में खुद चाहता था रहना
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुमित सिंह ने बताया 1 अक्टूबर की रात में ग्राम सूथा स्थित मंदिर में सो रहे बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास की लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी थी। मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी को डालकर दोनों शवों को जला दिया। आरोपी ने बताया कि वह मंदिर में रहना चाहता था। पुलिस के पकड़े जाने के डर से घटना में लोहे की रॉड को मंदिर के पास झाड़ियों में छिपाकर कठिना नदी के जंगल में जाकर छिप गया था। आज रात्रि जंगल से निकलकर दिल्ली जाने के दौरान कठिना नदी पुल के पास पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड मंदिर के पास झाड़ियों से बरामद की गयी है। मामले की गहन छानबीन जारी है।
