डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: जेवर खादर रोड पर शुक्रवार शाम सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि जेवर खादर उर्फ मड़ैया रोड पर जंगलात के समीप सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों से भी जानकारी साझा की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
