युवक की मौत के बाद पटना में बवाल, आगजनी के साथ पुलिस और पत्रकारों पर किया गया पथराव

डिजिटल डेस्क । बिहार की राजधानी पटना में सड़क हादसे में युवक की मौत के बवाल हो गया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस के वाहन के अलावा कई अन्य वाहनों में आग लगा दी। इस दौरान करीब 10 किमी लंबा जाम लग गया। भीड़ ने पुलिस और पत्रकारों पर भी पथराव कर दिया। जानकारी के अनुसार अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साई भीड़ ने उग्र रूप ले लिया और एक पुलिस चेक पोस्ट में भी आगजनी कर दी। कुछ बसों के शीशे भी तोड़ दिए गए और कई बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई है। हंगामे का वीडियो बना रहे पत्रकारों पर भी लोगों ने पथराव किया। मौके पर जब कई थानों की पुलिस बल हालात को काबू करने पहुंची तो, उग्र भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। जलती हुई बस को बुझाने के लिए भेजे गए दमकलकर्मियों को भी तनावपूर्ण माहौल और सड़क जाम के कारण मौके तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि जीरो माइल इलाके के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद हिंसा भड़क गई, जिसके चलते गुस्साई भीड़ ने पुलिस की तीन जीपों में आग लगा दी। फिलहाल मौके पर तनाव है लेकिन हालात कंट्रोल में है। मौके पर कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया है।
बता दें कि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्कूलों की बसें भी जाम में फंसी हुई हैं और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने के लिए पुलिस बल लगातार लगा हुआ है। प्रदर्शनकारियों को हटाने और मुख्य सड़क को खाली कराने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों समेत अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।