गोरखपुर : बिजली ठेकेदार की हत्या से सनसनी, गोली मारने के बाद तलवार से हमला करने का आरोप

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बिजली विभाग से जुड़े ठेकेदार की हत्या के बाद सनसनी फैल गई। घटना सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव की है, जहां शनिवार शाम शिवकुमार त्रिपाठी की कथित तौर पर गोली मारने के बाद तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवकुमार त्रिपाठी शनिवार शाम गांव में आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। इसके बाद हमलावर उन्हें इलाज कराने के बहाने ऑटो में बैठाकर एक सुनसान स्थान की ओर ले गए।ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां शिवकुमार पर तलवार से भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्या की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी तो ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद घटनास्थल के आसपास जांच कर पुलिस ने संभावित साक्ष्य जुटाए।
पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक साल पहले शिवकुमार के परिवार का दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था। उस विवाद के दौरान एक व्यक्ति की हत्या की बात भी सामने आई थी।पुलिस अब इसी पुराने विवाद को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
बिजली विभाग से जुड़ी ठेकेदारी करते थे शिवकुमार
शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग से संबंधित ठेकेदारी का काम करते थे। उनका अहिरौली गांव के अलावा गोरखपुर शहर के गांधीनगर क्षेत्र में भी आवास बताया गया है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पुराने विवाद से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। वारदात में कितने लोग शामिल थे और घटना की साजिश किस स्तर पर रची गई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।