महाराष्ट्र : बारामती में ट्रेनिंग विमान हादसे का हुआ शिकार, इससे पहले भी हो चुके हैं हादसे

महाराष्ट्र : बारामती में ट्रेनिंग विमान हादसे का हुआ शिकार, इससे पहले भी हो चुके हैं हादसे
रवि शर्मा, महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में रविवार को एक ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निजी फ्लाइट ट्रेनिंग संस्था द्वारा संचालित विमान बारामती एयरस्ट्रिप पर लैंडिंग के दौरान रनवे पर स्किड हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर स्किड हुआ। शुरुआती रिपोर्टों में विमान के क्रैश होने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की ओर से इसे लैंडिंग के दौरान रनवे पर स्किड होने की घटना बताया गया है। हादसे के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल विमान के स्किड होने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं :
इस घटना में कोई जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। विमान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी और घटना के दौरान विमान में कितने लोग सवार थे, इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।
बारामती में पहले भी हो चुके हैं ट्रेनिंग विमान हादसे :
बारामती एयरफील्ड में फ्लाइट ट्रेनिंग से जुड़ी गतिविधियां होती हैं। आधिकारिक AAIB दस्तावेजों के अनुसार, बारामती में Red Bird Flight Training Academy और Carver Aviation जैसी फ्लाइंग ट्रेनिंग संस्थाएं संचालित होती हैं। एयरफील्ड पर ट्रेनिंग उड़ानों के अलावा कुछ गैर-अनुसूचित उड़ानें भी संचालित होती हैं। बारामती में इससे पहले भी Redbird के ट्रेनिंग विमानों से जुड़ी दुर्घटनाएं और गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मई 2026 में गो जुबावी क्षेत्र के पास एक दो-सीटर ट्रेनिंग विमान क्रैश-लैंड हुआ था, जिसमें प्रशिक्षु पायलट के घायल होने की खबर आई थी।
पुलिस के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान बारामती हवाई पट्टी में एक विमान (वीटी-एसईएक्स) रनवे से बाहर निकल गया। विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंद्रे सवार थे। वे विमान के चक्कर लगाने और आपात स्थिति में लैंडिंग के अभ्यास कर रहे थे। अभ्यास के दौरान विमान पूरी तरह रुक नहीं पाया। वह रनवे 29 के अंतिम हिस्से से आगे निकल गया और पक्की सतह से बाहर चला गया। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सात महीने पहले भी हुआ था विमान हादसा :
महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इसी तरह की एक दुर्घटना में मौत के करीब सात महीने बाद बारामती में फिर विमान हादसा हुआ है। जनवरी में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत बारामती हवाईअड्डे के पास एक विमान हादसे में हुई थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजित पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी और सहायक के साथ दो कॉकपिट क्रू सदस्य विमान में सवार थे। इनमें पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शांभवी पाठक शामिल थे। उनका लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।