JLKM नेता : महतो को तिरंगा यात्रा में शामिल होने से गया रोका, अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात

WhatsApp Image 2026-08-15 at 2.48.36 PM

डिजिटल डेस्क : देश भर में 80 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाल्लास से मनाया जा रहा है, वहीं झारखंड में JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो को तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोक दिया गया। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस बल तैनात किए जाने से लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। तिरंगा यात्रा में जाने से रोके जाने पर सियासत भी गरमा गई है।

बता दें कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता और छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल देवेंद्र नाथ महतो को कथित तौर पर पुलिस ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोक दिया। महतो पिछले 14 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। उन्होंने 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम इस समय छात्र आंदोलन का प्रमुख धरना स्थल बना हुआ है। यहां झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हजारों छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।

महतो ने कहा, यह कैसी है आजादी

महतो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित प्रदर्शन स्थल पर आयोजित ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा जताई थी। इसके बाद सदर अस्पताल में उनके कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उन्होंने कहा, “आखिर ये कैसी आजादी है? क्या हम अपने ही देश में तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए भी स्वतंत्र नहीं हैं?” महतो ने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद वह शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं।

देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से हैं भूख हड़ताल पर

JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। रांची विधानसभा घेराव मार्च के दौरान स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के साथ पानी की बौछारों का भी इस्तेमाल किया गया था। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महतो ने अस्पताल से तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके अस्पताल के कमरे के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

You may have missed