डिजिटल डेस्क : कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र स्थित पहाड़पुर गांव पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का दावा करने वाले गोमूत्र बिकवा रहे हैं। शनिवार को अखिलेश रसूलाबाद के पहाड़पुर गांव पहुंचे। यहां रविंद्र यादव के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने यूपी सरकार को कई मुद्दों पर घेरा।
अखिलेश यादव ने सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि सरकार कम से कम क्षेत्रफल तो बता दे कि 2014 से पहले भारत का क्षेत्रफल था और आज क्षेत्रफल क्या है। इन लोगों ने 100 नंबर की व्यवस्था खराब कर दी, एंबुलेंस सेवा खराब हो गई। जो लैपटॉप दिए गए थे, उन्हें भी बंद कर दिया गया। अब लाल किले से एआई की बातें की जा रही हैं। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि हमने 200 लीटर इकट्ठा कर लिया है। अब लखनऊ के डीएम को भिजवाएंगे कि 200 लीटर गोमूत्र है, इसका पैसा भिजवा दीजिए। 10 रुपए लीटर के हिसाब से 2000 रुपए हमें मिलेंगे।
एआइ के नाम पर डराया न जाए
अखिलेश यादव ने कहा कि लैपटॉप के बिना एआई कैसे आएगा और उसका इकोसिस्टम कहां है? एआई लोगों की मदद कर सकता है। इससे बारिश की जानकारी, फसल में आने वाली समस्या और मौसम में बदलाव का अनुमान लगाया जा सकता है, लेकिन सरकार को किसानों की फसल की पैदावार का उचित मूल्य भी देना चाहिए। एआई के नाम पर लोगों को डराया और उलझाया नहीं जाना चाहिए।
