यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार पेश करेगी 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश करेगी। माना जा रहा है कि यह बजट 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का होगा और इसमें आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास तथा धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, 9.12 लाख करोड़ रुपये के मूल बजट के बाद पेश किए जा रहे इस अनुपूरक बजट के जरिए सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान करेगी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने पर भी सरकार का फोकस रहेगा।
अनुपूरक बजट में नए लिंक एक्सप्रेसवे और पहले से प्रस्तावित एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त धन आवंटित किए जाने की संभावना है। इसके अलावा औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, धार्मिक पर्यटन स्थलों के विकास और अन्य प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए भी बजटीय प्रावधान किए जा सकते हैं।
मानसून सत्र के दौरान सरकार अनुपूरक बजट के साथ विभिन्न विधायी कार्यों को भी आगे बढ़ाएगी। वहीं विपक्ष महंगाई, कानून-व्यवस्था, किसानों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।