गंगा आरती स्थल पर जूते पहनकर पहुंचे दरोगा, सेवादार से अभद्रता का वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क। तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा आरती के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा के व्यवहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि दरोगा जूते पहनकर ही गंगा आरती स्थल के पास पहुंच गए। जब गंगा आरती समिति के एक सेवादार ने उनसे धार्मिक परंपरा का हवाला देते हुए जूते उतारने का अनुरोध किया, तो उन्होंने कथित तौर पर सेवादार से अभद्र व्यवहार किया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि शाम की गंगा आरती के दौरान दरोगा जूते पहने हुए आरती स्थल तक पहुंच गए। सेवादार ने उन्हें विनम्रता से जूते उतारने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि दरोगा नाराज हो गए और सेवादार को फटकारते हुए वहां से अपना काम करने को कह दिया। घटना के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस व्यवहार पर नाराजगी जताई।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुरोहितों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल की मर्यादा का पालन सभी को करना चाहिए, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।

फिलहाल इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की मांग लगातार उठ रही है।