जिला कारागार में ड्यूटी पर नहीं पहुंचे चार डाक्टर, वेतन रोकने का आदेश हुआ जारी
गौतमबुद्ध नगर ः जिला कारागार में स्वास्थ्य जांच के दौरान अनुपस्थित रहने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चार डाक्टरों का एक दिन वेतन रोकने का आदेश जारी कर दिया है। वहीं डाक्टर की ओर से बताया गया कि उन्हें कोई लिखित में दिशा निर्देश नहीं मिले थे। सीएमएस ने जिला अस्पताल के तीन डाक्टरों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। बता दें कि रविवार को जिला कारागार में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होना था। इसमें स्वास्थ्य विभाग से चार डाक्टर की डयूटी लगाई थी, जिनमें फिजिशियन डा. प्रदीप, हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. मुकेश, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. सतेंद्र कुमार समेत चार डाक्टर शामिल हैं। सीएमओ का कहना है कि चारों डाक्टर अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इससे पुलिस प्रशासन ने नाराजगी जाहिर की है । उन्होंने सभी की गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने सीएमएस को नोटिस भेजकर जिला अस्पताल से डयूटी पर नहीं पहुंचने वाले डाक्टरों से स्पष्टीकरण मांगने के लिए कहा है। उन्होंने स्पष्टतौर पर कहा कि सरकारी ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वेतन रोकने और स्पष्टीकरण में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फिजिशियन डा. प्रदीप ने कहा कि सीएमओ या सीएमएस आफिस से डयूटी के लिए कोई लिखित निर्देश नहीं मिले थे। इस बारे में किसी भी स्तर से सूचना नहीं थी।