बारिश के चलते गुरुग्राम में वर्कफ्राम होम की पुलिस ने जारी की एडवाइजरी


गुरुग्राम : लगातार हो रही भारी वर्षा और जलभराव की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने बृहस्पतिवार के लिए कॉर्पोरेट कर्मचारियों से वर्क फ्रॉम होम करने का परामर्श जारी किया है। पुलिस ने कहा कि शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और यातायात जाम की प्रबल संभावना है, ऐसे में अनावश्यक आवाजाही से बचें। पुलिस ने एडवाइजरी में कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, ट्रैफिक के दबाव को कम करने और सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए ये कदम उठाया गया है। पुलिस ने कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से पुरजोर आग्रह किया है कि वे आज अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें। पुलिस के अनुसार अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक प्रबंधन दलों को यातायात सुचारू रखने और एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध चलाने में मदद मिलेगी। गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा – सुरक्षा सर्वोपरि, सावधानी से चलें। पुलिस की ओर से कहा गया कि सभी की सुरक्षा सबसे पहले है।