युवती ने गांव के बाहर बगीचे में लगाई फांसी, घर में मचा कोहराम

शिवली कानपुर देहात। लालपुर शिवराजपुर गांव में घर से शौच के लिए निकली एक16 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर बगीचे में आम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के लालपुर शिवराजपुर गांव निवासी रामचंद्र शंखवार पुत्र स्वर्गीय देवी दयाल ने पुलिस को लिखित सूचना देते हुए बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री श्रद्धा देवी घर से शौच के लिए निकली थी।जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि गांव के बाहर राम शंकर पुत्र निरंजन सिंह के आम के बगीचे में आम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। श्रद्धा देवी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। मैथा चौकी प्रभारी प्रवीण कृष्ण मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना दर्ज कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।