बंगाल CM के PA की हत्या के मामले में CBI ने दाखिल की चार्जशीट, 11 आरोपियों में दो BJP के भी शामिल

WhatsApp Image 2026-08-07 at 12.13.11 PM

डिजिटल डेस्क । पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंद्रु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने कोलकाता की स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। हत्याकांड में दो भाजपा कार्यकर्ता समेत 11 आरोपी हैं। सीबीआई ने हाल ही मेों रथ के कार्यालय में काम करने वाले भाजपा कार्यकर्ता सागर सोनकर और उसके भाई साहिब सोनकर को गिरफ्तार किया था। उन पर रथ की हत्या की सुपारी उत्तर प्रदेश के शूटर्स को देने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में एक अन्य राजनीतिक दल के पदाधिकारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सीबीआई को जानकारी मिली है कि भाजपा में शामिल होने से पहले 2020 तक सागर प्रतिद्वंद्वी पार्टी के विधायक के साथ काम करता था। जांच में सामने आया कि भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी के चुनाव प्रचार अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले रथ की हत्या की योजना दिसंबर 2025 से ही बन रही थी, लेकिन किसी न किसी वजह से इस सुपारी हत्या को अंजाम देने की तारीख बार-बार बदलती रही।

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के दो दिन बाद छह मई को मध्यग्राम में रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में अभी तक सीबीआई ने छह शूटरों राज सिंह, गोलू सिंह, मोनू सिंह, विक्की मौर्य , मयंक राज मिश्रा और नवीन कुमार सिंह के अलावा सुपारी लेने वाले बिचौलियों विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अब भी फरार है। जानकारी के लिए बता दें कि चंद्रनाथ रथ पहले वायुसेना में थे। वायुसेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट जगत में काम करना शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने राजनीतिक समन्वयक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं। 2019 में शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री थे। उसी समय चंद्रनाथ रथ ने शुभेंदु के साथ काम करना शुरू किया। चंद्रनाथ रथ का परिवार भी पहले तृणमूल कांग्रेस में था, उनकी मां हसी रथ टीएमसी के कार्यकाल में पूर्वी मेदिनीपुर से स्थानीय पंचायत समिति में पद पर थीं। बाद में शुभेंदु के टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद, चंद्रनाथ रथ का परिवार भी भाजपा में शामिल हो गया।

You may have missed