शहर की सड़कों पर गड्डे और खुले नाले बन रहे हादसों की वजह, जिम्मेदार मौन

WhatsApp Image 2026-08-08 at 9.26.48 PM

गौतमबुद्ध नगर : शहर की सड़कों पर गड्ढे और खुले नाले हादसों काे दावत दे रहे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों की नजर नहीं जा रही है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इस कारण समस्या का समाधान होने के बजाय और समस्या बढ़ती जा रही है। हाल ही में खुले गड्ढे में गिरने से नालेज पार्क में बच्चे की मौत हो चुकी है। इससे पहले नोए़डा के सेक्टर 150 में भी युवराज की मौत हो चुकी है। इस दौरान जिम्मेदारों ने कार्रवाई किए जाने के दावे बड़े-बड़े किए, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ भी काम नहीं दिखाई दे रहा है। बता दें कि बीते दो दिनों से शहर में लगातार वर्षा हो रही है। इससे शहर में जगह-जगह जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है, जिनमें फंसकर वाहन खराब भी हो रहे हैं। सेक्टर डेल्टा एक मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने नाले की स्लैब टूटी हुई हैं, वहीं सामने बनी सड़क नाले की ऊंचाई से कम है। इसके चलते वर्षा होने के दौरान जलभराव होने की समस्या हो रही है। नाले पर स्लैब बनाए जाने के बजाय आसपास बांस बल्ली लगाकर खानापूरी कर दी गई है। इसी तरह से सेक्टर अल्फा दो की सर्विस रोड पर बड़-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसमें कई बार दो पहिया वाहन सवार गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इसी तरह से सेक्टर डेल्टा एक की सर्विस रोड पर भी गड्ढे हो गए हैं। जहां पर आए दिन सड़क हादसे का शिकार हो वाहन सवार घायल होते रहते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदारों की नजर नहीं जा रही है।

सेक्टर की सर्विस रोड पर जगह-जगह गड्ढे लंबे समय से बने हुए हैं। कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई है। वहीं नाले खुले होने से भी हादसे का खतरा बना रहता है।

  • सुभाष भाटी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सेक्टर अल्फा दो

सेक्टर के सामने स्थित मेट्रो स्टेशन की स्लैब टूटी हुई है। जिम्मेदारों ने बल्ली लगाकर खानापूरी कर दी है। इससे हादसों का खतरा बढ़ा रहता है।

  • आलोक नागर, महासचिव, सेक्टर डेल्टा दो आरडब्ल्यूए

जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उनको चिहिंत किया जा रहा है। साथ खुले नालों को बंद कराए जाने का काम किया जा रहा है।- एके सिंह, जीएम, ग्रेनो प्राधिकरण

You may have missed