मैनपुरी में खाद्य विभाग ने मिलावटी अवैध आटा फैक्ट्री का किया भण्डाफोड़

- छापेमारी कार्रवाई में 43 बोरी टेलकम पाउडर हुआ बरामद
- अवैध आटा फैक्ट्री सील फैक्ट्री बंद कराकर एफआईआर दर्ज
डिजिटल डेस्क। मैनपुरी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ज्योति खुड़िया में चल रही एक अवैध आटा निर्माण इकाई पर छापा मारा है। विभाग का दावा है कि यहां आटे में मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक टेलकम पाउडर मिलाया जा रहा था। मौके से 43 बोरी टेलकम पाउडर बरामद हुआ है। कार्रवाई के बाद इकाई को बंद करा दिया गया और मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अवैध आटा निर्माण इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक के नेतृत्व में की गई। विभाग के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आटे में मिलाने के लिए टेलकम पाउडर की 43 बोरियां रखी मिलीं। टीम ने मौके से आटे का एक नमूना और टेलकम पाउडर का भी नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। कार्रवाई के दौरान करीब 2150 किलो टेलकम पाउडर, जिसकी कीमत करीब 32 हजार 250 रुपये, और करीब 50 किलो आटा, जिसकी कीमत लगभग 1500 रुपये बताई गई है फैक्ट्री सीज किया गया। खाद्य विभाग के अनुसार निर्माण इकाई अवैध रूप से संचालित हो रही थी। लिहाजा मौके पर ही इकाई को बंद करा दिया गया है। इकाई का संचालन अजीत कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी ज्योति खुड़िया, मैनपुरी द्वारा किया जा रहा था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए औंछा थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार, इंद्रजीत सिंह और ज्योति पुलिस चौकी का पुलिस बल शामिल रहा।फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट के इस मामले ने एक बार फिर लोगों की सेहत और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।