E20 पेट्रोल पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान, बोले- “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?

IMG-20260810-WA0016

रवि शर्मा, रीवा : पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर जारी बहस के बीच मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान चर्चा में है। सांसद ने शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वालों पर टिप्पणी करते हुए कहा, “शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?” उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सांसद ने यह टिप्पणी 9 अगस्त 2026 को रीवा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

एथेनॉल मिश्रण का किया बचाव

जनार्दन मिश्रा अपने संबोधन में पेट्रोल में एथेनॉल मिलाए जाने की नीति का बचाव करते नजर आए। उन्होंने एथेनॉल के उत्पादन और इस्तेमाल को देश की ऊर्जा जरूरतों तथा आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए इसके फायदे गिनाए। इसी दौरान शुद्ध पेट्रोल की मांग को लेकर उन्होंने उक्त टिप्पणी की। सांसद के बयान के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

E20 पेट्रोल को लेकर जारी है बहस

देश में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की नीति को लेकर पिछले कुछ समय से बहस जारी है। E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल का मिश्रण होता है। सरकार की ओर से एथेनॉल ब्लेंडिंग को पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने, किसानों के लिए अतिरिक्त बाजार तैयार करने और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया जाता रहा है। वही E20 के इस्तेमाल को लेकर कुछ वाहन मालिकों और विशेषज्ञों की ओर से माइलेज, पुराने वाहनों की अनुकूलता और इंजन पर संभावित प्रभाव जैसे मुद्दे भी उठाए जाते रहे हैं। फिलहाल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा?” वाला बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

You may have missed