15अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकियों से हड़कंप, हाईकोर्ट को ईमेल और 5 जगहों पर धमकी की कॉल

रवि शर्मा, नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार, 14 अगस्त को राजधानी दिल्ली में कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। दिल्ली हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। इसके अलावा दिल्ली के कई अन्य महत्वपूर्ण सरकारी और सार्वजनिक स्थानों को भी धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, जामनगर हाउस, झंडेवालान स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत स्थित डीएम कार्यालय, IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट स्थित SDM कार्यालय को बम धमकी मिली। इन सभी स्थानों पर एहतियातन फायर टेंडर और सुरक्षा टीमों को भेजा गया।
दिल्लीहाईकोर्ट को ईमेल से धमकी
दिल्ली हाईकोर्ट को शुक्रवार को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली। इसके बाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। परिसर में बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। हाईकोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी एडवोकेट कुनाल ने इसे प्रथम दृष्टया फर्जी धमकी बताया और कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक धमकी वाले संदेश में लाल किले को निशाना बनाने का भी उल्लेख था। यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि 15 अगस्त को लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होना है। हालांकि, धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच अभी जारी है।
जांचमें अब तक नहीं मिला संदिग्ध सामान
धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उपलब्ध ताजा जानकारी के अनुसार अब तक किसी भी स्थान से कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की विश्वसनीयता और ईमेल/कॉल के स्रोत की जांच कर रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा बढ़ाई गई
15 अगस्त को लेकर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में एक साथ कई स्थानों को धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी और जांच बढ़ा दी है।