पहली बार लाल किले पर गूंजा वंतेमातरम्…

नई दिल्ली : आज पूरा देश हर्षाल्लास के साथ 80 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। वहीं लाल किले पर एक नया इतिहास लिखा गया। शनिवार को सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का पूरा संस्करण बजाया गया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ बजाया गया। बता दें कि इस वर्ष भारत के राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे हो रहे हैं।
राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद यह पहली बार है जब लाल किले पर पूरे वंदे मातरम् को बजाया गया है। हाल ही में ‘वंदे मातरम्’ के पूरे संस्करण को राष्ट्रगान के बराबर कानूनी सुरक्षा प्रदान की गई है। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्र के नाम संदेश की शुरुआत और समापन पर भी इसे बजाया गया था। यह ऐतिहासिक बदलाव राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दिए जाने के बाद आया है। नए कानून के अनुसार, वंदे मातरम् के गायन में जानबूझकर बाधा डालने या इसे रोकने पर जुर्माना, 3 साल तक की जेल या दोनों हो सकते हैं।
आसमान से पुष्पवर्षा के साथ 21 तोपों की दी गई सलामी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जैसे ही लाल किले की प्राचीर पर 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया, 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) ने स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी। आर्मी बैंड ने वंदे मातरम् की धुन बजाई। इसी दौरान भारतीय वायु सेना के दो Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने लाल किले पर फूलों की बारिश की। इनमें से एक हेलीकॉप्टर में तिरंगा और दूसरे में वंदे मातरम् लिखा झंडा लहरा रहा था।