80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, डीएम ने दिलाया एकता का संकल्प

हर्ष मिश्रा, संवाददाता
कानपुर नगर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दिलाया। समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर आजादी हासिल की है। इस स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से देश की प्रगति और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।