धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, सेनानी की धर्मपत्नी और उत्कृष्ट कर्मी सम्मानित

सत्यम कटियार, संवाददाता
फर्रुखाबाद। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उत्साह पूर्ण व भव्यता के साथ मनाया गया। फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत) कैलाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि रहे, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। समारोह की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया। सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि अमर बलिदानियों की याद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है और प्रदेश अपराधमुक्त होकर प्रगति पथ पर अग्रसर है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि सरकारी दफ्तर में आने वाले जरूरतमंद नागरिक को सम्मान और न्याय दिलाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है।विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने नागरिक कर्तव्यों और विधायक सुशील कुमार शाक्य ने जिले में महिला अधिकारियों के कुशल नेतृत्व की सराहना की। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों व सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने कारागार पहुंचकर बंदियों को फल व मिष्ठान बांटे। इस अवसर पर एसपी आरती सिंह, एडीएम अरुण कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।