अध्यात्मिककानपुर देहात

कानपुर देहात के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कानपुर देहात के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता

कानपुर देहात। भूत भावन भगवान शंकर की आराधना की के पवित्र महीने श्रावण मास के तीसरे सोमवार को कस्बा शिवली स्थित अति प्राचीन जागेश्वर धाम समेत आसपास क्षेत्र के सभी शिवालयों में शिव भक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शंकर के दर्शन करने के दौरान मंदिरों से हर हर महादेव बम बम भोले के जय घोष देर रात तक सुनाई पड़ते रहे। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को शिवली रूरा मार्ग पर स्थित कड़री गांव के पास मौजूद हनुमानगढ़ी कड़री आश्रम में स्थापित भगवतेश्वर महादेव के दर्शन करने के लिए भक्तों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। श्रावण मास में शिवलिंग का जलाभिषेक एवं पूजन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। दूरदराज से काफी संख्या में आने जाने वाले भक्त श्रावण मास के आखिरी दिन रक्षाबंधन के पर्व पर विशेष पूजन अर्चन एवं रुद्राभिषेक कर अपनी अपनी मनोतियां मानते हैं। बताते चलें कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। सावन महीने के प्रत्येक सोमवार को सभी शिव मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन करने के लिए शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ता है। बुजुर्ग बताते हैं कि बियाबान जंगल में अति प्राचीन ब्रम्हदेव बाबा का यहां पर सिद्ध स्थान है। करीब 5 दशक पूर्व एक संत रात के समय शिवली रूरा मार्ग से निकल रहे थे जिन्हें इस बियाबान जंगल के नजदीक पहुंचते ही असीम शांति का अनुभव हुआ था जिस पर वह संत इसी जंगल में रुक गए थे। और वहां पर जमीन के अंदर गुफा बनाकर भगवान की आराधना करने लगे थे। करीब दो वर्ष बाद ग्रामीणों को जंगल में संत के मौजूद होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण उनसे मिलने पहुंचे थे। ग्रामीणों और भक्तों के सहयोग से यहां पर हनुमानगढ़ी आश्रम का निर्माण करवाया गया। यहां स्थापित भगवतेश्वर महादेव भक्तों की आस्था का केंद्र हैं। यह आश्रम आसपास के जनपदों में प्रसिद्ध हो गया है। श्रावण मास में हनुमानगढ़ी आश्रम में स्थापित भगवतेश्वर महादेव के पूजन एवं जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तगण आते हैं। सावन के महीने में भजन पूजन का अनवरत सिलसिला चलता रहता है। महाशिवरात्रि तथा रक्षाबंधन के विशेष पूजन एवं रुद्राभिषेक में कई जनपदों से आने वाले भक्तों की भारी भीड़ जुटती है। आश्रम के पुजारी बाबा रमेश स्वरूप का कहना है कि हनुमानपुर कड़री स्थित हनुमानगढ़ी आश्रम में मत्था टेकने वाले भक्तों को कभी निराशा नहीं होती है। परम पूज्य गुरुदेव भगवान एवं हनुमान जी तथा भगवतेश्वर महादेव भक्तों की सभी मुरादें पूरी करते हैं।फोटो- आश्रम में स्थित भगवतेश्वर महादेव।