अध्यात्मिकलखनऊ

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण : गृह विभाग ने SIT की दी फाइनल रिपोर्ट

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण : गृह विभाग ने SIT की दी फाइनल रिपोर्ट

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : अयोध्या राममंदिर में चढ़ावा प्रकरण में उत्तर प्रदेश के गृह विभाग ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को आवश्यक कार्रवाई के साथ विशेष जांच दल (SIT) की फाइनल रिपोर्ट सौंप दी है। यह रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के मामले में हस्तक्षेप से पहले बनी SIT ने तैयार कर शासन को सौंपी थी। SIT का गठन गत 13 जून को ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने किया था। लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में बनी इस तीन सदस्यीय SIT में IG रेंज किरण एस और विशेष सचिव (वित्त) नील रतन कुमार को सदस्य बनाया गया था। SIT ने 23 जून को शासन को अपना प्रारंभिक प्रतिवेदन सौंपा था, जिसमें कई कठोर संस्तुतियां की गई थीं।

बता दें कि SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को मामले में पहली FIR दर्ज की गई थी। इसमें आठ नामजद और अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया गया था। ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में दर्ज की गई इस FIR (अपराध संख्या 90/2026) में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, श्री राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया गया था। आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61, 3(5) बीएनएस व 13(1)(a) पीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब गृह विभाग की ओर से फाइनल रिपोर्ट दिए जाने के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार है।