राजनीतिलखनऊ

शिक्षा विभाग में कार्यरत रसोइयों और उनके आश्रितों को मिलेगी 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा

शिक्षा विभाग में कार्यरत रसोइयों और उनके आश्रितों को मिलेगी 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा
  • मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद में हुआ सजीव प्रसारण, 20 लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रतीकात्मक कार्ड

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता

कानपुर देहात। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईको पार्क सामुदायिक भवन माती में देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग प्रतिभा शुक्ला, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं रसोइये उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा 20 पात्र लाभार्थियों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए गए। उपस्थित शिक्षकों एवं रसोइयों को योजना के उद्देश्यों, पात्रता, लाभ एवं चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा रसोइयों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं एवं निर्णय भी किए गए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मध्य रसोइयों को 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराने संबंधी अनुबंध पत्र का आदान-प्रदान किया गया। इसके साथ ही रसोइयों के मानदेय में वृद्धि करते हुए इसे 2,000 से बढ़ाकर 3,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की गई। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत समस्त रसोइयों को यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए दिए जाने वाले वार्षिक शुल्क में भी वृद्धि करते हुए इसे 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिवर्ष किया गया। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा विभाग में कार्यरत रसोइयों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने रसोइयों के हित में मानदेय वृद्धि, दुर्घटना बीमा एवं यूनिफॉर्म शुल्क में वृद्धि सहित अन्य निर्णयों के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। जनपद कानपुर देहात में प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत 4,299 रसोइये कार्यरत हैं, जिन्हें योजना का लाभ मिलेगा।