डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए सरकार नई पहल की तैयारी कर रही है। प्रदेश में जल्द ‘सारथी दीदी कैब’ सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इस सेवा के तहत महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान महिला चालक चुनने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रस्तावित कैब सेवा में सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। कैब में SOS बटन की सुविधा होगी, जिसके जरिए आपात स्थिति में तत्काल मदद ली जा सकेगी। इसके अलावा कैब की लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है।
योजना के जरिए महिलाओं को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही महिला चालकों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की तैयारी है कि इस मॉडल को भारत टैक्सी की तर्ज पर विकसित करते हुए प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों तक भी पहुंचाया जाए।
अधिकारियों के स्तर पर योजना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सेवा शुरू होने के बाद महिला यात्रियों को सुरक्षित परिवहन का विकल्प मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होने की उम्मीद है।

