देशगौतम बुद्ध नगर

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के घर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, पत्नी के निधन पर जताया शोक

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के घर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, पत्नी के निधन पर जताया शोक

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व राज्यपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रहे कलराज मिश्र के आवास पर पहुंचकर उनकी पत्नी सत्यवती मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का 13 सितंबर को निधन हो गया था। उनके निधन की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को उनके आवास पहुंचे। उन्होंने सत्यवती मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृति को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कलराज मिश्र और उनके स्वजन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री के पहुंचने के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी और अशोक वाजपेयी तथा भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत अन्य नेता शामिल रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ कुछ समय बिताया और संवेदना व्यक्त करने के बाद वहां से प्रस्थान किया।