देशकानपुर

गला रेतकर हत्या,सड़क पर मिला सिरकटा शव, 12 फीट दूर पानी के गड्‌ढे से सिर बरामद

गला रेतकर हत्या,सड़क पर मिला सिरकटा शव, 12 फीट दूर पानी के गड्‌ढे से सिर बरामद

डिजिटल डेस्क , कानपुर : बिल्हौर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास एक युवक का सिरकटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्यारों ने धारदार हथियार से गला काटकर सिर को धड़ से अलग कर दिया और उसे करीब 12 फीट दूर पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

कानपुर में दिनदहाड़े व्यापारी की गला काटकर हत्या कर दी गई है। हत्यारों ने धारदार हथियार से गला काटकर सिर को धड़ से अलग कर दिया है, लेकिन सिर गायब था। काफी देर तलाशने के बाद धड़ से 12 फीट की दूरी पर पानी के गड्ढे में सिर पड़ा मिला है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राज किशोर पटवा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से देवहा गांव के निवासी थे और वर्तमान में बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह महिलाओं के श्रृंगार के सामान का कारोबार करते थे। उनके परिवार में पत्नी मधु और तीन बेटियांशुभी, अंशी व नैंसी हैं। पत्नी के मुताबिक, राज किशोर मंगलवार सुबह करीब 8 बजे साइकिल लेकर देवहा गांव जाने की बात कहकर निकले थे सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने सड़क पर सिरकटा धड़ और पास ही उनकी साइकिल पड़ी देखी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर कमीज का फटा हुआ कॉलर और अंगौछा भी पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची बिल्हौर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद शव से 12 फीट दूर एक गड्ढे में भरे पानी से कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सिर मिलने के बाद ही मृतक की स्पष्ट शिनाख्त हो सकी।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी एसएम कासिम आबिदी और एसीपी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और पीड़ित परिवार से पूछताछ की जा रही है। हत्याकांड की तह तक जाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।