राजनीतिमेरठ

मेरठ में BJP का शक्ति केंद्र सम्मेलन,CM बोले- व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा राष्ट्र

मेरठ में BJP का शक्ति केंद्र सम्मेलन,CM बोले- व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा राष्ट्र

डिजिटल डेस्क , मेरठ : भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का भाव है कि व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। योगी ने कहा कि नकारात्मक ताकतें जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास करेंगी। महापुरुषों को भी जातीय आधार पर बांटने की कोशिश होगी, लेकिन ऐसा नहीं होने देना है। योगी ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे समाज के होते हैं। उन्होंने कोतवाल धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह और दुर्गा भाभी का उदाहरण देते हुए कहा कि इनका योगदान पूरे देश के लिए है।

2014 के बाद नए भारत का दर्शन हुआ-CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश में ऐसा बदलाव आया, जिसमें भारत अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास की गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि जो काम पहले असंभव माना जाता था, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ। योगी ने मथुरा-वृंदावन, शुकतीर्थ और विदुर कुटी के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजनों को अब कोई रोक नहीं सकता।

अब कट्टा-बंदूक की राजनीति नहीं-CM

सीएम योगी ने मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि अब मेरठ में कट्टा-बंदूक की राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत ट्रेन, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी परियोजनाएं भी आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और पारंपरिक उद्यमों से भी रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

‘यूपी की पहचान अब वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया नहीं-CM

योगी ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की टॉप-थ्री अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि अब यूपी की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से हो रही है। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ का भी उल्लेख किया और कहा कि मेरठ की रेवड़ी, हापुड़ के पापड़ और मुजफ्फरनगर के गुड़ जैसे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से बदला यूपी- नितिन नवीन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मेरठ की भूमि 1857 की क्रांति को दिशा देने वाली भूमि है। उन्होंने शक्ति केंद्र संयोजकों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि विधायक और सांसद इन्हीं कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर चुनाव जीतते हैं। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम ने उत्तर प्रदेश को आतंक, जंगलराज और परिवारवाद के दौर से निकालकर कानून के राज और विकास के रास्ते पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में भय का वातावरण था, जबकि आज कानून के राज और भरोसे का वातावरण है। नितिन नवीन ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेता प्रदेश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के जाने के बाद उनकी ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति को पहले कांग्रेस और बाद में समाजवादियों ने अपनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस तरह की विभाजनकारी राजनीति को दोबारा जगह नहीं मिलने देनी है। नितिन नवीन ने कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को विकास के केंद्र में रखा है।

चौधरी चरण सिंह और संत रविदास का सम्मान BJP ने किया- नितिन

भाजपा अध्यक्ष ने चौधरी चरण सिंह और संत रविदास का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी-योगी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया गया और संत रविदास की विरासत को भी सम्मान दिया गया। नितिन नवीन ने कहा कि पहले योजनाएं समाज और जाति देखकर बांटने का आरोप लगता था, जबकि भाजपा सरकार का फोकस गरीब पर है। नितिन नवीन ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश के जिलों की पहचान माफियाओं के नाम से होती थी, लेकिन आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के जरिए जिलों की पहचान उनके उत्पादों से हो रही है। उन्होंने कहा कि कभी युवाओं के हाथ में पिस्तौल और कारतूस देने की राजनीति का आरोप लगता था, जबकि आज सरकार युवाओं को स्किल डेवलपमेंट और रोजगार से जोड़ रही है। उन्होंने एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट को प्रदेश के विकास की नई पहचान बताया।
झूठ की गूंज’ से छात्रों को भड़काने का प्रयास- नितिन नवीन

नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘झूठ की गूंज’ के माध्यम से छात्रों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी ने कभी अमेठी के युवाओं से संवाद किया या उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दावों के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाना होगा। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों के बीच जाकर संवाद करने की अपील की। नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 71 विधानसभा सीटों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के बीच जाकर संपर्क और संवाद बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश के युवाओं की सोच में बदलाव आया है। जहां पहले वसूली और अपराध की चर्चा होती थी, वहीं अब इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, रोजगार और नए व्यवसायों की चर्चा हो रही है।

तीसरी बार भाजपा सरकार- पंकज चौधरी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि शक्ति केंद्र संयोजक संगठन के ऐसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता हैं, जो जमीन की आवाज को सरकार और संगठन तक पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने ‘क्रांति भूमि से यूपी की हुंकार-तीसरी बार भाजपा सरकार’ का उद्घोष करते हुए कहा कि हर शक्ति केंद्र संयोजक को अपने क्षेत्र के बूथों की वास्तविक स्थिति की जानकारी होनी चाहिए। पंकज चौधरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों और समाजों की अपनी अलग प्राथमिकताएं हैं। इसलिए शक्ति केंद्र संयोजकों को किसानों, युवाओं और महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं का फीडबैक संगठन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर संगठन को मजबूत करना है। प्रत्येक शक्ति केंद्र पर नियमित बैठक, बूथ की स्थिति की जानकारी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क बनाए रखने पर उन्होंने जोर दिया।

सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं-पंकज चौधरी

पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने और सेवा संकल्प सेतु शिविरों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव के दिन नहीं, बल्कि हर दिन बनता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर समाज को बांटने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार के काम और पूर्व की सरकारों के कार्यकाल की जानकारी रखनी होगी। सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं ने शक्ति केंद्र संयोजकों से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करने और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पश्चिम क्षेत्र के कार्यकर्ता मौजूद रहे।