अपराधदिल्ली

दिल्ली में कबाड़ के बीच मिला कंकाल,असली है या डमी, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली में कबाड़ के बीच मिला कंकाल,असली है या डमी, जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : दिल्ली के मिंटो रोड पर सफाई के दौरान संदिग्ध मानव कंकाल मिला है घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि एक कबाड़ व्यापारी इसे एक स्कूल से लाया था। पुलिस को शक है कि यह स्कूल में पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाला जैविक नमूना हो सकता है।

देश की राजधानी दिल्ली में सफाई अभियान के दौरान कबाड़ के बीच कंकाल जैसा ढांचा मिलने से हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सेंट्रल दिल्ली में सफाई अभियान के दौरान कबाड़ के बीच कंकाल जैसी एक चीज़ मिली है। हालांकि, शुरुआती जांच से पता चला है कि कबाड़ डीलर को यह कंकाल एक स्कूल से मिला था। यह कंकाल स्कूल के जैविक कचरे का हिस्सा है और इसे असल में पढ़ाई-लिखाई के लिए डेमोन्स्ट्रेशन के मकसद से लिया गया था। अभी पुलिस तथ्यों की पुष्टि कर रही है। यह साफ़ नहीं है कि यह चीज़ असली इंसानी कंकाल है या पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाला डमी है। अभी कबाड़ डीलर और स्कूल प्रशासन के साथ इसकी पुष्टि की जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कबाड़ कारोबारी से पुलिस पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्कूल से कबाड़ खरीदते समय यह बॉक्स उसके साथ कैसे आया। पुलिस इसके साथ ही स्कूल प्रशासन से भी इस बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह स्कूल में विज्ञान या जीव विज्ञान की पढ़ाई के लिए रखा गया कोई जैविक नमूना हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच पूरी होने से पहले इसे असली मानव अवशेष नहीं माना जा सकता और पूरी पड़ताल के बाद ही राज पर से पर्दा उठ सकता है।