अपराधबरेली

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, प्यार और लव मैरिज से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत,पूरी कहानी जानें

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, प्यार और लव मैरिज से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत,पूरी कहानी जानें

डिजिटल डेस्क , बरेली : इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय भावना गोस्वामी ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जो 4 महीने के बच्चे की मां थीं। इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद चौकाने और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी में भावना गोस्वामी का शव देर शाम उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। भावना बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, भावना की करीब दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हाफिजगंज थाना क्षेत्र के बंजरिया निवासी अभिषेक सक्सेना से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों अलग-अलग जाति से थे। जिसके चलते उनके परिवार शादी के लिए नहीं मान रहे थे।दोनों अपने-अपने घर से चुपचाप निकल गए थे। शादी के बाद भी उन्होंने अपने परिवारों को इस बारे में कुछ नहीं बताया और शादी के बाद दोनों बरेली में ही किराए का मकान लेकर रहने लगे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बता दे कि दोनों का एक 4 महीने का बेटा भी है। मकान मालकिन बाहर से जब वापस लौटीं तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो भावना फंदे से लटकी हुई थी। मकान मालकिन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के समय पति अभिषेक घर पर नहीं था। अभिषेक एक होटल में काम करता है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस भावना के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।