अपराधफर्रुखाबाद

30 साल से फरार चल रहे लुटेरे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

30 साल से फरार चल रहे लुटेरे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

राघव दुबे, संवाददाता, फर्रुखाबाद। जहानगंज पुलिस ने 30 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्त लगातार पुलिस और अदालत से छिपकर फरारी काट रहा था, जिसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुका था।

1 सितंबर 1996 को जहांगीरपुर निवासी मोहम्मद फयाज खां ने थाना जहानगंज में तहरीर दी थी कि आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उनसे 10 हजार पांच सौ रुपये की नकदी और एक घड़ी लूट ली थी। पुलिस की विवेचना के दौरान रामवीर निवासी बहावलपुर, थाना एका, फिरोजाबाद का नाम प्रकाश में आया था।

नाम सामने आने के बाद से ही रामवीर पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अपने संभावित ठिकानों से लगातार फरार चल रहा था। अदालत द्वारा समन और वारंट जारी होने के बावजूद अनुपस्थित रहने पर उसके खिलाफ धारा 82/83 की कार्रवाई की गई थी। बाद में अदालत ने 4 नवंबर 2023 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया और 5 नवंबर 2024 को स्थाई गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

जहानगंज थाने के उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह राजपूत, सिपाही हीरेश गौतम, विपिन कुमार, सूरज पचौरी ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी रामवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने लूट की वारदात में शामिल होने और पिछले 30 वर्षों से छिपकर रहने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।