अध्यात्मिककानपुर

नागपंचमी पर जिलाधिकारी ने खेरेश्वर मंदिर में किया पूजा-अर्चना, सुरक्षा व्यवस्था परखी

नागपंचमी पर जिलाधिकारी ने खेरेश्वर मंदिर में किया पूजा-अर्चना, सुरक्षा व्यवस्था परखी

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर। नागपंचमी पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कानपुर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शिवराजपुर स्थित प्रसिद्ध खेरेश्वर मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया।


बता दें कि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सतत निगरानी रखने, भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने खेरेश्वर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने जनपदवासियों को नागपंचमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से दर्शन-पूजन करने की अपील की।