डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद : जिले के मोदीनगर की आदर्शनगर कॉलोनी में सरकारी राशन की दुकान लगातार बंद मिलने के मामले में खाद्य आपूर्ति विभाग ने सोमवार को सील कर दिया। बीते 10 दिनों में विभाग की टीम चार बार दुकान का निरीक्षण करने पहुंची, लेकिन हर बार दुकान पर ताला लगा मिला। संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल सका। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आदर्शनगर कॉलोनी में विनीत खन्ना को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का लाइसेंस दिया गया है। पिछले दिनों विभाग को शिकायत मिली थी कि दुकान पर राशन वितरण में अनियमितताएं की जा रही हैं। शिकायत के बाद टीम ने 10, 12 और 14 अगस्त को दुकान का निरीक्षण किया। इसके बाद सोमवार को टीम एक बार फिर मौके पर पहुंची, लेकिन दुकान बंद मिली।
टीम ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान नियमित रूप से नहीं खुलती, जिसके कारण राशन लेने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विभागीय टीम ने लाइसेंसधारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। 18 अगस्त तक राशन वितरण का कार्य पूरा किया जाना था, लेकिन दुकान बंद मिलने के कारण विभाग ने तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की। मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है। अब जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंसधारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

