केस्को के नाम पर काल कर साइबर ठग कर रहे फ्राड, आप भी हो जाएं सावधान…
डिजिटल डेस्क । साइबर ठग फ्राड करने के लिए रोजाना नए नए तरीके अपनाकर लोगों को शिकार बना रहे हैं। अब ठगों ने केस्को को निशाना बनाते हुए उनके कस्टमर को ठगने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसी बीच कानपुर केस्को की प्रबंध निदेशक ने अपने कस्टमर को जागरूक करने के लिए संदेश जारी किया है।
कानपुर में स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदले जाने की प्रक्रिया के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। केस्को के नाम पर उपभोक्ताओं को फोन कर नया ऐप डाउनलोड कराने और बिजली बिल भुगतान के नाम पर ठगी की कोशिश की जा रही है। केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। एमडी ने बताया कि केस्को को ऐसी कई शिकायतें मिली हैं। जिनमें कॉल करने वाले पहले उपभोक्ताओं से प्रीपेड से पोस्टपेड मीटर होने की जानकारी पूछते हैं और फिर बिजली बिल भुगतान के बहाने एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केस्को की ओर से इस तरह की कोई कॉल नहीं की जाती और न ही किसी अन्य ऐप को डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। नेहा जैन ने कहा कि हाल के दिनों में साइबर फ्रॉड के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। केस्को के नाम पर आने वाली हर संदिग्ध शिकायत का सत्यापन कराया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उसे साइबर क्राइम सेल को भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि ठग विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं को निशाना बना रहे हैं, जिनके मीटर प्रीपेड से पोस्टपेड किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान के लिए केवल केस्को की आधिकारिक वेबसाइट और यूपीपीसीएल के स्मार्ट ऐप का ही उपयोग करें। इसके अलावा शहर में 100 से अधिक कैश काउंटर भी संचालित हैं। उपभोक्ता बिजली बिल पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर भी सुरक्षित तरीके से भुगतान कर सकते हैं।