- करीब 2500 अभ्यर्थी नहीं दे सके परीक्षा, केंद्र पर हंगामा; 13 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को एसएससी की सीएचटी परीक्षा तकनीकी खामी के चलते निरस्त कर दी गई। परीक्षा देने पहुंचे करीब 2500 अभ्यर्थियों को सर्वर में आई खराबी के कारण परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिल सका। परीक्षा निरस्त होने की जानकारी मिलते ही अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया।
मंगलवार दोपहर 12 बजे से परीक्षा आयोजित होनी थी। अभ्यर्थी निर्धारित समय पर केंद्र पहुंच गए थे। परीक्षा शुरू होने के दौरान सर्वर में तकनीकी समस्या आ गई, जिससे कई अभ्यर्थियों के कंप्यूटर पर समय से लॉगिन नहीं हो सका। काफी देर तक परीक्षा शुरू नहीं होने पर अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ गया।
अभ्यर्थियों का कहना था कि वे दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने पहुंचे थे और केंद्र की तकनीकी खामी के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। बिना परीक्षा दिए लौटने को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।
पुलिस के अनुसार एसएससी नॉर्थ रीजन की ओर से तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा निरस्त कर दी गई है। अब परीक्षा 13 सितंबर 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

