अपराधकानपुर

कानपुर : फर्जी प्रेस-पुलिस और वकील स्टिकर पर शिकंजा, 63 वाहनों पर कार्रवाई

कानपुर : फर्जी प्रेस-पुलिस और वकील स्टिकर पर शिकंजा, 63 वाहनों पर कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, कानपुर : वाहनों पर अवैध रूप से “प्रेस” या “पुलिस” लिखे स्टिकर लगाकर घूमने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा चेकिंग अभियान चलाया है। इस दौरान ऐसे 63 वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

कानपुर में फर्जी तरीके से वाहनों पर प्रेस, पुलिस और अधिवक्ता लिखकर चलने वालों की जांच के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। पुलिस ने खासतौर पर प्रेस, पुलिस और अधिवक्ता लिखे वाहनों को रोककर पहचान पत्र और वाहन के दस्तावेज देखे है।अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों को चिन्हित कर 63 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताड़ा ने मीडिया को बताया कि चेकिंग के दौरान प्रेस और पुलिस के स्टिकर लगे वाहन चालकों से पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज मांगे गए। पुलिस इस बात की पुष्टि कर रही है कि संबंधित व्यक्ति प्रेस या पुलिस विभाग से जुड़ा है या नहीं है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के फर्जी स्टिकर का इस्तेमाल कर कुछ लोग वाहन चेकिंग से बचने या अपनी अलग पहचान दिखाने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच की है।

आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान

अधिकारियों ने कहा है कि प्रेस या पुलिस का स्टिकर केवल संबंधित विभाग या संस्थान से अधिकृत व्यक्ति ही अपने वाहन पर लगा सकता है। किसी परिचित या रिश्तेदार को स्टिकर देकर उसके वाहन पर लगवाना नियमों का उल्लंघन है और इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर चालान की कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक यह अभियान कानपुर में आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।