डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर मंगलवार को चर्चा में रहा। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘विजय भवः 2027’ लिखा गया है। पोस्टर में भगवान श्री हनुमान को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देते हुए दर्शाया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पोस्टर समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश सामाजिक न्याय यात्रा के प्रभारी की ओर से लगाया गया है। पोस्टर में अखिलेश यादव को आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में आशीर्वाद मिलने का प्रतीकात्मक संदेश दिया गया है।
सपा कार्यालय के बाहर लगे इस पोस्टर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और वहां से गुजरने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पोस्टर में धार्मिक प्रतीक के साथ वर्ष 2027 का उल्लेख किया गया है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव के राजनीतिक संदर्भ से जोड़कर देखा जा रहा है।
