देशगौतम बुद्ध नगर

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, नौ यात्रियों की मौत; खिड़की से कूदकर कई यात्रियों ने बचाई जान

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, नौ यात्रियों की मौत; खिड़की से कूदकर कई यात्रियों ने बचाई जान

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही बिहार नंबर की स्लीपर डबल डेकर बस दयानतपुर गांव के पास अचानक आग की लपटों से घिर गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद कई यात्री खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले और अपनी जान बचाई।

बताया जा रहा है कि बस में आग लगने के कुछ ही समय में लपटें तेजी से फैल गईं। कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया, लेकिन कुछ यात्री बस के भीतर ही फंस गए। आग की चपेट में आने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। हादसे की पुष्टि गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे हुई। वहीं, कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। आग की विकरालता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। आग पर काबू पाने के बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने के साथ ही बस के नंबर, यात्रियों के मूल स्थान और उनके गंतव्य की जानकारी जुटा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच : बस में आग किस वजह से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस में अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, चालक की भूमिका और संभावित तकनीकी खराबी समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और किसी प्रकार की लापरवाही के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।