देशफर्रुखाबाद

मुंबई ही नहीं, यूपी के फर्रुखाबाद में भी दिखता है गणेश महोत्सव का विहंगम नजारा

मुंबई ही नहीं, यूपी के फर्रुखाबाद में भी दिखता है गणेश महोत्सव का विहंगम नजारा
  • कमालगंज में 17 वर्षों से हो रहा विशाल गणेश महोत्सव, भव्य पंडाल और आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

सत्यम कटियार, आकाश श्रीवास्तव

फर्रुखाबाद : मुंबई के गणेश उत्सव की भव्यता और विहंगम नजारा तो आपने जरूर देखा होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज में भी गणेश महोत्सव के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलता है। यहां पिछले 17 वर्षों से लगातार विशाल गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भव्य पंडाल, आकर्षक सजावट, धार्मिक झांकियां, महाआरती और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी इस आयोजन को खास बनाती है। इसी वजह से कमालगंज को लोग ‘मिनी मुंबई’ के नाम से भी पहचानते हैं।

इस बार भी गणेश सेवा समिति की ओर से महोत्सव को भव्य रूप दिया गया है। आयोजन स्थल पर तैयार किया गया विशाल पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल को बारिश से बचाने के लिए वाटरप्रूफ बनाया गया है। पंडाल तैयार करने वाले कारीगर पिछले करीब 15 वर्षों से देश के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक आयोजनों के लिए काम कर रहे हैं।

नौ दिनों तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

नौ दिनों तक चलने वाले गणेश महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 7:30 बजे आरती होगी, जबकि शाम छह बजे से 7:30 बजे तक राम कथा की अमृत वर्षा होगी। रात आठ बजे शाम की आरती के बाद आकर्षक धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।

इस बार अलीगढ़ और बुलंदशहर के कलाकार भी महोत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बुलंदशहर के कलाकार विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत करेंगे, जबकि अलीगढ़ की संगीत टोली भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाएगी।

महोत्सव में गणेश वंदना, महारास, दस महाविद्या, विष्णु अवतार, भैरव वध, गंगा अवतरण, सुदामा चरित्र, कलयुग नारी, शिव विवाह, लव-कुश, शबरी लीला, राम-जानकी विवाह और हनुमान जी की सिंदूरी लीला समेत कई धार्मिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा डांडिया, सती प्रसंग और बाहुबली हनुमान की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए आयोजन समिति ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया है। कार्यक्रम स्थल पर आठ उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।

गजानन की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए पुलिस के साथ पुरुष स्वयंसेवक और गणवेशधारी महिला वालंटियर भी तैनात रहेंगी। समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और महोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

विसर्जन यात्रा में उमड़ेगा जनसैलाब

गणेश महोत्सव के समापन पर भव्य गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। पिछले 17 वर्षों में यह आयोजन कमालगंज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है।

गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता के मुताबिक, समिति की ओर से हर वर्ष आयोजन को और बेहतर एवं भव्य बनाने का प्रयास किया जाता है। महाआरती और विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। यही वजह है कि कमालगंज का गणेश महोत्सव अब फर्रुखाबाद के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है।