अपराधमेरठ

मीट फैक्ट्री में डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

मीट फैक्ट्री में डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

डिजिटल डेस्क, मेरठ : लोहियानगर पुलिस ने बंद पड़ी अलफईम मीट फैक्ट्री और तान्या फैक्ट्री के प्लेट फ्रीजरों से प्लेटें चोरी करने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर असलहे बरामद करने के दौरान पुलिस मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। तीनों के कब्जे से तीन तमंचे .315 बोर और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

आपको बता दे पुलिस के अनुसार, चार-पांच सितंबर की रात अल्लीपुर स्थित बंद पड़ी अलफईम मीट फैक्ट्री से दो प्लेट फ्रीजरों की 30 प्लेटें चोरी हुई थीं। इस मामले में लोहियानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले 15-16 अगस्त की रात तान्या फैक्ट्री के दो प्लेट फ्रीजरों से 32 प्लेटें चोरी की गई थीं। विवेचना के दौरान दोनों मामलों में डकैती समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई थीं।

वही पुलिस ने गुरुवार को हापुड़-मेरठ रोड पर खत्ते के पास से दानिश उर्फ चाचा ( 26 ), शहजाद उर्फ भूरा ( 30 ) और रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू ( 32 ) को गिरफ्तार किया। तीनों गाजियाबाद के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल असलहे हाजीपुर-अल्लीपुर के पास निर्माणाधीन लिंक रोड के निकट झाड़ियों में छिपाए हैं।

जब पुलिस टीम आरोपियों को असलहों की बरामदगी के लिए मौके पर ले गई। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपियों ने छिपाए गए असलहों से टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दानिश के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल भेजा गया। मामले में लोहियानगर थाने में हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास है। दानिश के खिलाफ गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर और मेरठ में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद और रियाजुद्दीन के खिलाफ भी चोरी, बिजली अधिनियम और लोहियानगर की दोनों वारदातों समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं।