अपराधजौनपुर

जौनपुर में बैंक मैनेजर ने कार में खुद को गोली मारी,सुसाइड नोट बरामद

जौनपुर में बैंक मैनेजर ने कार में खुद को गोली मारी,सुसाइड नोट बरामद

डिजिटल डेस्क, जौनपुर। बख्शा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक बैंक मैनेजर ने अपनी कार में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दुर्गेश श्रीवास्तव, पुत्र अवधेश श्रीवास्तव, निवासी कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया, थाना गुडंबा, लखनऊ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में जौनपुर के वन विहार इलाके में रह रहे थे और बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
बताया गया कि दुर्गेश श्रीवास्तव अपनी टाटा सिएरा कार (UP32 SA 4239) से बदलापुर की ओर से जौनपुर जा रहे थे। बीती रात बख्शा थाना क्षेत्र में हाईवे के पास कार में गोली चलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार का शीशा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाला।
पुलिस को कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस घटना के पीछे की वजह समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।