डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: ग्रेटर नोएडा के नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के तुगलपुर गांव में शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना के समय बस के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक तुगलपुर गांव में मुख्य सड़क के किनारे एक निजी हास्टल की बस रोजाना की तरह खड़ी थी। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे आसपास के लोगों ने बस से धुआं उठता देखा। कुछ ही देर में धुआं तेज लपटों में बदल गया। बस को आग की लपटों से घिरा देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पानी की लगातार बौछार कर करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और वह कबाड़ में तब्दील हो गई।
जलती बीड़ी-सिगरेट फेंकने की आशंका
दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने के पीछे जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सड़क से गुजरने वाले किसी व्यक्ति ने जलती बीड़ी या सिगरेट बस के आसपास फेंक दी होगी। बस के किसी ज्वलनशील हिस्से के संपर्क में आने के बाद आग भड़कने की आशंका है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बस में कोई नहीं था, टला बड़ा हादसा
घटना के समय बस सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें चालक, परिचालक अथवा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके चलते आग की चपेट में आने से किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। आसपास आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियां होने के कारण यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो आसपास के वाहनों या दुकानों तक भी आग पहुंचने का खतरा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद नालेज पार्क कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बस मालिक से संपर्क कर घटना की जानकारी जुटाई है। आग लगने के कारणों के साथ ही बस के खड़े होने की स्थिति और आसपास की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मीडिया सेल के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से बस के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
