खेत पर टहलने गए 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
▪️परिजनों ने शव सड़क पर रख किया हंगामा
बुलंदशहर। चोला थाना क्षेत्र के गांव दाऊदपुर में रविवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के बाहर श्मशान के पास स्थित अपने खेत पर टहलने गए 50 वर्षीय मुकेश सोलंकी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार अज्ञात कार सवार हमलावरों ने मुकेश सोलंकी को निशाना बनाया। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एसपी दिनेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के निर्देश दिए।
हत्या से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों ने करीब एक घंटे तक शव सड़क पर रखा। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसएसपी ने कहा कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।