देशकानपुर देहात

बारिश में भीगने से बीमार राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत

बारिश में भीगने से बीमार राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत
  • ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता, कानपुर देहात : लगातार हुई बारिश के दौरान भीगने से बीमार चल रहे राष्ट्रीय पक्षी मोर की मंगलवार सुबह मौत हो गई। कई दिनों से मोर गांव में ही बीमार हालत में पड़ा था। ग्रामीण उसे दाना-पानी दे रहे थे। मौत की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बरियन नेवादा गांव में पिछले दिनों तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश के दौरान एक मोर भीग गया था। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, मोर कई दिनों से चल-फिर नहीं पा रहा था। गांव के लोग उसकी देखभाल करते हुए दाना और पानी दे रहे थे।

मंगलवार सुबह बीमार मोर की मौत हो गई। इसकी जानकारी पूर्व प्रधान प्रवीण कुमार राजपूत समेत ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना पर वन विभाग के बीट प्रभारी गुरदीन कुशवाहा, वनकर्मी राजू कुशवाहा के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।

वन क्षेत्राधिकारी तौसीफ अहमद ने बताया कि मृत मोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।