राघव दुबे, संवाददाता, फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में एक युवक और 15 वर्षीय अनाथ किशोरी द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने का मामला सामने आया है। गांव के पास एक आम के बाग में दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। राहगीरों की सूचना पर परिजनों ने दोनों को तुरंत डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, माता-पिता के निधन के बाद पीड़िता अपनी ननिहाल में नाना के साथ रहती थी। अस्पताल में होश आने पर 20 वर्षीय युवक कुंदन ने दावा किया कि उसने रात में किशोरी की मांग में सिंदूर भरकर और मंगलसूत्र पहनाकर उससे शादी कर ली है।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता लोहिया अस्पताल पहुँच गए और युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की कादरीगेट थानाध्यक्ष से तीखी नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि किशोरी की शादी उसके मामा ने एटा के अलीगंज क्षेत्र में तय कर दी थी, जो आगामी 11 अक्तूबर को होनी थी।
हायर सेंटर रेफर करने पर बढ़ा विवाद
इलाज के दौरान डॉक्टरों द्वारा किशोरी को हायर सेंटर रेफर किए जाने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। उनका सवाल था कि जब किशोरी की स्थिति में सुधार हो रहा था, तो उसे अचानक रेफर क्यों किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि युवक और किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाया है। उन्होंने कहा कि मामला दो समुदायों से जुड़ा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ कायमगंज अजय वर्मा ने बताया कि सुबह युवक और किशोरी के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। किशोरी नाबालिग है और युवक बालिग है। मामले की जांच की जा रही है।
