डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: तकनीक और संगीत के अनूठे संगम ने विद्यार्थियों के नवाचार को नया आयाम दिया है। सेक्टर अल्फा-एक स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी ‘प्रेरणा’ में कक्षा छह और सात के विद्यार्थियों ने ऐसा एआई आधारित पियानो बोट तैयार किया, जिसे बिना छुए केवल उंगलियों के इशारे से बजाया जा सकता है। सेंसर उंगलियों की गतिविधि को पहचानकर संबंधित सुर को सक्रिय करता है और पियानो से धुन निकलने लगती है।
कक्षा सात की छात्रा परिनता शर्मा ने बताया कि सामान्य पियानो बजाने के लिए उसकी कुंजियों को दबाना पड़ता है। वहीं, उनके बनाए पियानो बोट में एआई सेंसर का इस्तेमाल किया गया है। सेंसर के सामने उंगलियों को ले जाने पर वह उनकी स्थिति और इशारे को पहचानता है और उसी के अनुरूप संबंधित बटन सक्रिय हो जाता है। इससे पियानो को हाथ लगाए बिना अलग-अलग सुरों की धुन बजाई जा सकती है।
इस नवाचार को सात दिन में तैयार किया गया है। इसे बनाने में टैकी साफ्टवेयर, एआई तकनीक और सेंसर का इस्तेमाल किया गया। विद्यार्थियों ने मॉडल के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया कि भविष्य में बिना किसी भौतिक संपर्क के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नियंत्रित करना किस तरह संभव हो सकता है।
सात दिन में तैयार किया मॉडल
पियानो बोट तैयार करने वाली टीम में लक्षित जोशी, युविका त्यागी, ताक्षी नेगी और अन्य विद्यार्थियों ने योगदान दिया। मॉडल को शिक्षिका फराह समर के मार्गदर्शन में तैयार किया गया। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में आने वाले अभिभावकों और सहपाठियों को इसकी कार्यप्रणाली समझाई और उन्हें उंगलियों के इशारे से पियानो बजाकर भी दिखाया।
विद्यार्थियों के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य संगीत को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और सेंसर आधारित संपर्क रहित नियंत्रण की संभावनाओं को समझना है। प्रदर्शनी में मॉडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
