- सेंट जोसेफ स्कूल की वार्षिक प्रदर्शनी ‘प्रेरणा’ में विद्यार्थियों ने सुरक्षा और संगीत से जुड़े एआई मॉडल किए प्रदर्शित
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : आर्मी कैंप हो या किसी सोसायटी का मुख्य गेट, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जाती है। इसके बावजूद कई बार संदिग्ध व्यक्ति सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। इस चुनौती का तकनीकी समाधान तलाशते हुए सेक्टर अल्फा-एक स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने बर्गलर अलर्ट सिस्टम तैयार किया है। यह सिस्टम गेट पर होने वाली गतिविधि पर नजर रखने के साथ संदिग्ध प्रवेश की स्थिति में अलर्ट भेजने की व्यवस्था करता है।
स्कूल में आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी ‘प्रेरणा’ में विद्यार्थियों ने इस मॉडल का प्रदर्शन किया। छात्र संस्कार कुमार सिंह ने बताया कि सिस्टम को किसी परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाया जा सकता है। जैसे ही कोई व्यक्ति अंदर प्रवेश करता है, उसे निर्धारित समय के भीतर एक विशेष कोड दर्ज करना होगा। तय समय में कोड दर्ज नहीं होने पर सिस्टम अलर्ट प्रक्रिया शुरू कर देगा और संबंधित पुलिस चौकी या थाने को संदेश भेजने की व्यवस्था की जा सकती है।
समय पर प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
विद्यार्थियों के अनुसार, सिस्टम में अलर्ट के साथ समय भी निर्धारित किया जा सकता है। पुलिस को सूचना भेजे जाने के बाद निर्धारित समय में प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सिस्टम आगे की अलर्ट प्रक्रिया के लिए तैयार किया गया है। इस तरह मॉडल का उद्देश्य केवल कैमरे से निगरानी करने के बजाय संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल सूचना उपलब्ध कराने वाली सुरक्षा व्यवस्था की अवधारणा को प्रदर्शित करना है।
बर्गलर अलर्ट सिस्टम को तैयार करने वाली टीम में सरस गुप्ता, सार्थक मेहरा और आयुष चौधरी शामिल हैं। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में अभिभावकों और अन्य छात्रों को मॉडल की कार्यप्रणाली समझाई।
