खेलगौतम बुद्ध नगर

एशियन गेम्स में दो पदक जीतकर लौटे जय कुमार नागर का हुआ सम्मान

एशियन गेम्स में दो पदक जीतकर लौटे जय कुमार नागर का हुआ सम्मान
  • मिश्रित 400 मीटर रिले में रजत और पुरुष 400 मीटर रिले में जीता कांस्य पदक

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : जापान में आयोजित एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर दो पदक जीतने वाले गौतमबुद्ध नगर के एथलीट जय कुमार नागर का शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचने पर जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। दुजाना गांव निवासी जय कुमार ने प्रतियोगिता में मिश्रित 400 मीटर रिले दौड़ में रजत और पुरुष 400 मीटर रिले में कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।

एथलेटिक्स कोच सोनू भाटी ने बताया कि जापान के आइची और नागोया शहरों में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक एशियन गेम्स का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जय कुमार ने 400 मीटर रिले की दोनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए दो पदक जीते।

उनकी उपलब्धि पर शुक्रवार को दादरी स्थित एक फार्म हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जय कुमार को फूलों और रुपयों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेक्टर ओमीक्रान-तीन स्थित द एथलेटिक्स फ्यूचर अकादमी के साथी एथलीट और कोच भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने जय कुमार को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

सम्मान समारोह में क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। उन्होंने जय कुमार का स्वागत करते हुए भविष्य में भी देश और जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। साथी खिलाड़ियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दो पदक जीतना जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। जय कुमार की सफलता से एथलेटिक्स में आगे बढ़ने का सपना देख रहे खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।